डाट काली मंदिर में गूंजा स्तोत्र, बच्चियों की प्रस्तुति से भावुक हुए पीएम मोदी, 12 किमी रोड शो, दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे समेत हजारों करोड़ की सौगात

Share the news

डाट काली मंदिर में गूंजा स्तोत्र, पीएम मोदी हुए भाव-विभोर

देहरादून। प्रधानमंत्री Narendra Modi के दून दौरे के दौरान डाट काली मंदिर में भक्ति और आस्था का अनोखा संगम देखने को मिला। मंदिर पहुंचकर पीएम मोदी ने सिद्धपीठ मां काली के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

पूजा के उपरांत मंदिर परिसर में मौजूद कुछ बच्चियों ने प्रधानमंत्री के समक्ष महिषासुरमर्दिनी स्तोत्रम् का भावपूर्ण पाठ किया। बच्चियों की प्रस्तुति को पीएम मोदी ने पूरे ध्यान और श्रद्धा के साथ सुना। इस दौरान उनके चेहरे पर संतोष और प्रसन्नता के भाव स्पष्ट रूप से झलकते नजर आए। मंदिर परिसर में यह क्षण बेहद भावुक और आध्यात्मिक माहौल से भर गया, जिसे वहां मौजूद लोगों ने भी सराहा।

इसके बाद प्रधानमंत्री का काफिला जनसभा स्थल की ओर रवाना हुआ। राजधानी देहरादून में पीएम मोदी ने पहली बार करीब 12 किलोमीटर लंबा रोड शो किया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए उमड़े। शहर में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई मार्गों पर रूट डायवर्जन भी लागू किया गया।

प्रधानमंत्री मोदी इस दौरे के दौरान दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण करेंगे, जो प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। करीब 11,963 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 213 किलोमीटर लंबे दून-दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे से यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

इसके अलावा प्रधानमंत्री देश के पहले 1000 मेगावाट क्षमता वाले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी शुभारंभ करेंगे। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनका 28वां उत्तराखंड दौरा है, जिससे प्रदेश को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *