महापौर ने दोपहर दो बजे तक 10-10 हजार रुपये देने के दिए निर्देश, ठेका निरस्त करने की चेतावनी
काशीपुर। दीपावली के दिन वेतन नहीं मिलने से नाराज पर्यावरण मित्रों ने शहर की सफाई व्यवस्था ठप कर दी। आक्रोशित कर्मचारियों ने सुबह महाराणा प्रताप चौक पर कूड़ा डालकर विरोध जताया। इससे शहर के प्रमुख चौराहे पर गंदगी फैल गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खास बात यह रही कि नगर निगम की ओर से ठेका कंपनी को तीन दिन पहले ही भुगतान किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों के खातों में वेतन नहीं पहुंचा।
मामले की जानकारी मिलते ही महापौर दीपक बाली मौके पर पहुंचे। उन्होंने ठेका कंपनी के अधिकारियों से फोन पर बात कर नाराजगी जताई और दोपहर दो बजे तक सभी सफाई कर्मचारियों के खातों में 10-10 हजार रुपये डालने के निर्देश दिए। महापौर ने कर्मचारियों से कहा कि वेतन की मांग जायज है, लेकिन त्योहार के दिन शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके बाद पर्यावरण मित्रों ने चौराहे पर डाला गया कूड़ा उठाना शुरू कर दिया और काम पर लौट आए। महापौर ने कहा कि निगम तीन दिन पहले ही कंपनी को भुगतान कर चुका है, इसके बावजूद कर्मचारियों को वेतन नहीं देना गंभीर लापरवाही है। कंपनी की कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ठेका निरस्त कर नई निविदा आमंत्रित की जाएगी।
