दिवाली पर पीएसी जवान की संदिग्ध मौत, शरीर पर चोट के निशान से उठे सवाल, पटाखे से बर्तन का टुकड़ा आर-पार होने की बताई जा रही बात, परिजनों ने जताया संदेह, सीबीआई जांच की मांग

रुद्रपुर। दिवाली के दिन 46वीं वाहिनी पीएसी में प्रशिक्षण ले रहे एक रिक्रूट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार सुबह परिसर में 22 वर्षीय विष्णु कुमार का शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और पीएसी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

प्रारंभिक तौर पर बताया जा रहा है कि पटाखा फटने से ऊपर रखे बर्तन का टुकड़ा तेज गति से विष्णु के शरीर में घुसकर आर-पार हो गया। हालांकि, परिजनों ने इस बात पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शरीर पर बने छेद और चोट के निशान हादसे की बताई जा रही वजह से मेल नहीं खा रहे हैं। हरिद्वार जिले के पथरी क्षेत्र के बदरपुर निवासी विष्णु 26 अप्रैल से पीएसी में प्रशिक्षण ले रहा था। दिवाली पर घर नहीं पहुंच पाने के कारण उसने शनिवार देर शाम पिता से फोन पर बात की थी। उस समय बातचीत सामान्य थी।

रविवार को मौत की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजन उत्तराखंड पुलिस के पूर्व कांस्टेबल शेर सिंह के साथ रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कराने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही मौत की वास्तविक वजह सामने लाने के लिए सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई। उनका कहना है कि उन्हें पुलिस से कोई व्यक्तिगत शिकायत नहीं है, लेकिन घटना की हर पहलू से पारदर्शी जांच होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने पीएसी में विष्णु के साथ प्रशिक्षण ले रहे जवानों से भी पूछताछ की है।

 

छह महीने से पीएसी में ले रहा था प्रशिक्षण

विष्णु कुमार पिछले करीब छह महीने से 46वीं वाहिनी पीएसी में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा था। प्रशिक्षण के चलते इस बार दिवाली पर वह परिवार के बीच नहीं पहुंच सका। परिजनों के मुताबिक, त्योहार से एक शाम पहले ही उसकी पिता से फोन पर बातचीत हुई थी। परिवार को जरा भी अंदेशा नहीं था कि अगले दिन उन्हें बेटे की मौत की खबर मिलेगी। जवान की मौत की सूचना मिलते ही घर में मातम छा गया।