खटीमा। शिव कॉलोनी से लापता 20 वर्षीय युवक अभय उर्फ लल्लू की हत्या उसके ही दोस्त ने की थी। नशे के इंजेक्शन को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने पहले उसका गला दबाया और फिर लोअर के नाड़े से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को घटनास्थल से करीब 15-20 मीटर दूर गटर में फेंक दिया। आरोपी ने युवक के पास से 2300 रुपये और मोबाइल फोन भी ले लिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर शव, हत्या में प्रयुक्त नाड़ा और 600 रुपये बरामद किए हैं।
शिव कॉलोनी वार्ड नंबर 17 निवासी अभय उर्फ लल्लू (20) सात नवंबर की रात करीब नौ बजे घर से बिना बताए चला गया था। काफी तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला तो नौ नवंबर को उसके बड़े भाई रवि ने कोतवाली खटीमा में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने युवक की तलाश शुरू की तो उसके परिचित संजय गुप्ता (25) की भूमिका संदिग्ध मिली। संजय ने अभय का मोबाइल उसके परिजनों को यह कहकर लौटाया था कि उसे रास्ते में पड़ा मिला है। संदेह के आधार पर पुलिस उसे पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में संजय ने हत्या की बात स्वीकार की। उसने बताया कि अभय और वह पुराने दोस्त थे और दोनों नशे के आदी थे। सात नवंबर की रात करीब 9:45 बजे दोनों शिव कॉलोनी चौराहे पर मिले थे। वहां से कॉलोनी के पीछे खाली मैदान में चले गए। दोनों स्मैक के सेवन के लिए इंजेक्शन तैयार कर रहे थे। इसी दौरान एक इंजेक्शन गिरने और बचे हुए इंजेक्शन को लेकर दोनों में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर संजय ने अभय का गला दबाया और फिर उसके लोअर के नाड़े से गला घोंट दिया।
आरोपी ने अभय की जेब से 2300 रुपये और मोबाइल फोन निकाल लिया। इसके बाद शव को पास के गटर में छिपा दिया। पकड़े जाने के डर से उसने अगले दिन मोबाइल अभय के बड़े भाई को लौटा दिया। पुलिस के मुताबिक, 2300 रुपये में से 1700 रुपये आरोपी ने दीपावली पर खर्च कर दिए थे, जबकि 600 रुपये बरामद किए गए हैं।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव और हत्या में प्रयुक्त नाड़ा बरामद किया। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम ने साक्ष्य संकलित किए। गिरफ्तार संजय गुप्ता के खिलाफ खटीमा थाने में चोरी और अन्य धाराओं में तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
