एआरटीओ कर्मियों की टिप्पणी पर भड़के वकील, जिला कोर्ट में नारेबाजी, जिला जज के पास पहुंचे अधिवक्ता, कर्मचारियों से माफी मांगने की उठाई मांग

रुद्रपुर। एआरटीओ कार्यालय के कर्मचारियों पर अभद्र टिप्पणी का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने जिला कोर्ट परिसर में जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए जिला जज के पास पहुंचे और संबंधित कर्मचारियों से माफी मंगवाने की मांग की। वकीलों ने कर्मचारियों पर अधिवक्ताओं का अपमान करने और उनका पंजीकरण निरस्त कराने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

 

बुधवार को प्रदर्शन करते हुए अधिवक्ताओं ने बताया कि दो नवंबर को अधिवक्ता साकेत कुमार के मुवक्किल अमित कुमार ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर एआरटीओ कार्यालय में टुकटुक रिलीज का आदेश दिखाया था। आरोप है कि काउंटर पर मौजूद तारा सिंह कोलिया और अन्य कर्मचारियों ने आदेश लेने से इन्कार कर दिया। इस दौरान वकीलों के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की गई। विरोध करने पर अधिवक्ताओं का पंजीकरण निरस्त कराने की धमकी भी दी गई। इससे नाराज अधिवक्ताओं ने जिला कोर्ट परिसर में विरोध जताते हुए जिला जज से हस्तक्षेप की मांग की। बार एसोसिएशन को भी शिकायती पत्र देकर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई और माफी की मांग की गई है।