हरिद्वार
राजाजी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले मां सुरेश्वरी देवी मंदिर में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री खजानदास के बेटे की शादी कराने का मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है। इस प्रकरण में वन विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए दो फॉरेस्ट गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है, जबकि रेंज स्तर के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, रानीपुर गेट पर तैनात फॉरेस्ट गार्ड अमित सैनी और अभिषेक कंडारी को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड किया गया है। वहीं हरिद्वार रेंज के रेंजर महेश सेमलवाल और वन दारोगा अमृता को उनके पद से हटा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मां सुरेश्वरी देवी मंदिर, जो कि रिजर्व के संवेदनशील और संरक्षित क्षेत्र में स्थित है, वहां आयोजित इस शादी समारोह में प्रतिबंधित सामान पहुंचाया गया था। इस घटना के सामने आने के बाद वन महकमे में हड़कंप मच गया और मामले ने तूल पकड़ लिया।
इस पूरे प्रकरण पर राजीव धीमान, निदेशक राजाजी टाइगर रिजर्व, ने सख्त कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, इस मामले की गहन जांच भी कराई जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि प्रतिबंधित सामग्री रिजर्व क्षेत्र में कैसे पहुंची और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
वन विभाग की इस कार्रवाई को VIP कल्चर पर सख्ती के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही यह संदेश देने की कोशिश भी है कि संरक्षित क्षेत्रों में नियमों से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे मामला कितना ही प्रभावशाली व्यक्तियों से जुड़ा क्यों न हो।




