रुद्रपुर में बंगाली समाज के लिए प्रस्तावित “बंग भवन” के निर्माण को लेकर प्रशासनिक हलचल तेज हो गई है। विधायक शिव अरोरा ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया को पत्र भेजकर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने हेतु भूमि हस्तांतरण प्रक्रिया में तेजी लाने का अनुरोध किया है।
विधायक अरोरा ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि रुद्रपुर में बंगाली समाज के उत्थान और उनकी सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए “बंग भवन” का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए किच्छा बाईपास रोड स्थित पुरानी ट्रेजरी परिसर को उपयुक्त स्थान के रूप में चिन्हित किया गया है।
उन्होंने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि चयनित भूमि पर “बंग भवन” निर्माण के लिए सभी वैधानिक और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि समाज को एक समर्पित और सुसज्जित सांस्कृतिक केंद्र उपलब्ध कराया जा सके।
विधायक ने यह भी कहा कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और “बंग भवन” इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
वहीं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने आश्वस्त किया कि “बंग भवन” के लिए भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी की जाएगी।
इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री उत्तम दत्ता, उपजिलाधिकारी गौरव पाण्डेय, मयंक कक्कड़ सहित बंगाली समाज के कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




