विवाद, अभद्रता और भड़काऊ गतिविधियों से दूर रहने की दी हिदायत, नियम तोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी
रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रस्तावित छात्रसंघ चुनाव को लेकर पुलिस और कॉलेज प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शुक्रवार को कॉलेज परिसर में प्रभारी निरीक्षक ने छात्रसंघ चुनाव में प्रतिभाग कर रहे सभी प्रत्याशियों के साथ बैठक की। बैठक में प्रत्याशियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान अनुशासन और आपसी सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रत्याशी या समर्थक की ओर से ऐसा कोई कार्य नहीं किया जाना चाहिए, जिससे कॉलेज का माहौल खराब हो या कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। प्रत्याशियों को आपसी विवाद, अभद्र व्यवहार, भड़काऊ गतिविधियों और किसी भी तरह के टकराव से दूर रहने की हिदायत दी गई। साथ ही कॉलेज प्रशासन की ओर से निर्धारित चुनाव संबंधी नियमों और निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस ने सभी प्रत्याशियों से शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपेक्षा की। प्रत्याशियों को बताया गया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की शिकायत या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस और कॉलेज प्रशासन को सूचना दें।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रचलित विधिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। बैठक में कॉलेज प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने प्रत्याशियों से चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
