स्पा सेंटर, होटल और गेस्ट हाउसों में अचानक पहुंची पुलिस टीमों से मचा हड़कंप, रिकॉर्ड और आने-जाने वालों की भी हुई जांच
रुद्रपुर। शहर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस की कई टीमें एक साथ स्पा सेंटर, होटल और गेस्ट हाउसों में पहुंच गईं। 50 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने 15 से अधिक ठिकानों को खंगाला। अचानक हुई चेकिंग के दौरान 14 से ज्यादा महिला-पुरुषों को रोककर पूछताछ की गई और उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई।
पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों से जानकारी जुटाई। होटल और गेस्ट हाउसों में आने-जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड देखा गया। स्पा सेंटरों में भी कर्मचारियों और मौजूद ग्राहकों के संबंध में जानकारी ली गई। पुलिस ने संदिग्ध पाए गए लोगों का सत्यापन शुरू कर दिया है।
चेकिंग के दौरान संचालकों को अपने यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पहचान-पत्र दर्ज करने और रजिस्टर व डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने को कहा गया। पुलिस ने साफ किया कि किसी परिसर में नाबालिगों के शोषण, मानव तस्करी, अनैतिक देह व्यापार या अन्य गैरकानूनी गतिविधि का मामला सामने आया तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।
रिकॉर्ड, लाइसेंस या अनुमति से जुड़े दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी। किसी अवैध गतिविधि में संचालक या कर्मचारी की भूमिका सामने आने पर उन्हें भी जांच के दायरे में लिया जाएगा।
चेकिंग के बाद पुलिस ने ऐसे स्थानों को चिन्हित किया है, जहां आगे भी निगरानी रखी जाएगी। पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से स्पा सेंटर, होटल और गेस्ट हाउस संचालकों में दिनभर हलचल बनी रही।
