बेकाबू कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, घसीटते हुए ले गई, घायल की मौत, किच्छा रोड पर देर रात हुआ हादसा, दूसरी कार से टकराने के बाद रुकी बेकाबू कार

जिला अस्पताल में उपचार के दौरान संजयनगर निवासी अमन उर्फ तारक ने तोड़ा दम, चालक फरार

 

पंजाबी सचवाणी। रुद्रपुर। किच्छा रोड पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कार चालक स्कूटी और युवक को करीब 20 से 30 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसके बाद कार दूसरी कार से जा टकराई। हादसे में गंभीर रूप से घायल संजयनगर निवासी अमन उर्फ तारक (38) पुत्र श्याम गाइन की जिला अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

 

बताया गया कि अमन रात में स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही कार ने उसकी स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद अमन स्कूटी समेत कार की चपेट में आ गया और कार उसे काफी दूर तक घसीटती चली गई। कुछ दूरी पर कार दूसरी कार से टकराकर रुक गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और गंभीर रूप से घायल अमन को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

 

चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। उपचार के दौरान अमन ने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।

 

शिव विवाह सैनी, पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों और फरार कार चालक के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।