‘काम हो गया’… प्रेमी का फोन पहुंचते ही पत्नी को मिली पति की मौत की खबर, 48 घंटे में खुली पूरी साजिश, पत्नी ही निकली मास्टरमाइंड

Share the news

सनसनीखेज::

 

काशीपुर। प्रतापपुर क्षेत्र में 17 अगस्त की सुबह धान के खेत में अनियंत्रित हालत में मिली स्विफ्ट कार और उसमें खून से लथपथ युवक की मौत का मामला सड़क हादसा नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या निकला। कोतवाली काशीपुर पुलिस और एसओजी ने महज 48 घंटे में वारदात का पर्दाफाश करते हुए मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते पत्नी ने दो किशोरों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।

 

मृतक की पहचान संजीव कुमार (24) निवासी बाजावाला, ढकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी के रूप में हुई। घटनास्थल पर प्रारंभिक तौर पर हादसा प्रतीत हुआ, लेकिन पंचायतनामा के दौरान गले पर चोट के संदिग्ध निशान मिलने पर पुलिस ने चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया। पत्नी निशा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

 

मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी से खुली परतें

 

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर गठित टीमों ने सीडीआर, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और फोरेंसिक साक्ष्यों की जांच की। पत्नी के बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस का शक गहराया। जांच में सामने आया कि संजीव की टेंट की दुकान पर काम करने वाले शिवम सैनी और कर्मजीत सिंह का उसके घर आना-जाना था। इसी दौरान शिवम और निशा के बीच प्रेम संबंध बन गए।

 

पुलिस के मुताबिक 16 अगस्त को जन्मदिन की पार्टी के बहाने शिवम और कर्मजीत संजीव को कार से रामनगर ले गए। लौटते समय थारी के पास पीछे बैठे कर्मजीत ने 12 बोर के तमंचे से संजीव की गर्दन में गोली मार दी। कार खेत में जा गिरी और दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद शिवम ने निशा को फोन कर वारदात की जानकारी दी।

 

19 अगस्त को पुलिस ने शिवम और कर्मजीत को मालवा फार्म पुलिया के पास पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर तमंचा, तीन खोखे, पांच जिंदा कारतूस और रक्तरंजित कपड़े बरामद हुए। पूछताछ में निशा की भूमिका सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में दोनों आरोपी किशोर पाए गए, जिनके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *