रुद्रपुर। चार दिन से लापता 13 वर्षीय किशोर का शव शनिवार सुबह कल्याणी नदी में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
खेड़ा वार्ड-17 निवासी रियासत अली का 13 वर्षीय पुत्र रिजवान 21 जुलाई से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई थी।
शनिवार सुबह झील के पास कल्याणी नदी में मछली पकड़ने गए कुछ लोगों की नजर नदी में उतराते एक किशोर के शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रम्पुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाकर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया। कुछ ही देर में शव की पहचान रिजवान के रूप में हुई।
पुत्र का शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। उनका आरोप है कि रिजवान के सिर पर गंभीर चोट के निशान हैं, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मौत के कारणों के बारे में कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




