रुद्रपुर। सिडकुल सेक्टर-11 स्थित एक ऑटो कंपनी में शनिवार शाम कार्य के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक कर्मचारी की मौत हो गई। उत्पादन इकाई में काम करते समय उसके सिर पर भारी सामान गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सहकर्मी उसे आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद फैक्टरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुशील कुमार निवासी कटरा, शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) और हाल निवासी ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के रूप में हुई है। वह सिडकुल सेक्टर-11 स्थित ऑटो कंपनी में कार्यरत था। शनिवार शाम नियमित ड्यूटी के दौरान अचानक ऊपर रखा भारी सामान असंतुलित होकर उसके सिर पर गिर गया। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
सहकर्मियों ने तुरंत काम बंद कर घायल कर्मचारी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उनके विलाप से माहौल गमगीन हो गया।
सूचना पर सिडकुल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। कंपनी प्रबंधन व कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। चौकी प्रभारी हेमंत सिंह कथैत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला कार्य के दौरान हुए हादसे का प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कंपनी में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




