ईएसआईसी अस्पताल में पर्ची को लेकर विवाद, कर्मचारियों से मारपीट, काउंटर के भीतर पहुंची महिला सफाईकर्मी और उसके तीन साथियों पर हमला करने का आरोप

रुद्रपुर। ईएसआईसी अस्पताल में पर्ची बनवाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। रजिस्ट्रेशन काउंटर पर तैनात कर्मचारी के साथ कथित तौर पर हाथापाई की गई। बीचबचाव करने पहुंचे सुपरवाइजर के कपड़े फाड़ने और गालीगलौज करने का भी आरोप है। शिकायत के आधार पर पंतनगर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

 

अस्पताल में तैनात भूदयाल सिंह पुत्र सोमपाल सिंह ने पुलिस को बताया कि वह रजिस्ट्रेशन काउंटर पर ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान चिकित्सा विभाग में ठेके पर सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत मंजू अपने तीन साथियों के साथ काउंटर के अंदर आ गई। पर्ची बनवाने के लिए कहने पर उन्होंने नियमानुसार बाहर की खिड़की से आने को कहा।

 

आरोप है कि इस बात पर चारों भड़क गए और कर्मचारी के साथ मारपीट शुरू कर दी। हंगामा सुनकर सुरक्षा गार्ड, मरीज और उनके तीमारदार मौके पर पहुंच गए। सुपरवाइजर सुरेश ने भी बीचबचाव का प्रयास किया। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने सुरेश के साथ मारपीट की और उनके कपड़े फाड़ दिए। गालीगलौज करते हुए थप्पड़ मारने का भी आरोप लगाया गया है।

 

मौके पर जुटे लोगों ने किसी तरह चारों को केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस की आपात सेवा 112 पर सूचना दी गई। पीड़ित कर्मचारी ने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की।

 

थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।