मंगलवार से लापता खटीमा ब्लॉक के उर्दू अनुवादक का नानक सागर जलाशय में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम…

Share the news

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज…

नानकमत्ता। नानक सागर जलाशय में बुधवार को एक व्यक्ति का शव उतराता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान खटीमा ब्लॉक कार्यालय में तैनात उर्दू अनुवादक वसीम कुरैशी (50) पुत्र अब्दुल सलाम के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जल पुलिस की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

बुधवार को नानक सागर जलाशय के तटबंध से गुजर रहे लोगों की नजर पानी में उतराते शव पर पड़ी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जल पुलिस की सहायता से शव को बाहर निकाला। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी शिनाख्त आवास विकास कॉलोनी, खटीमा निवासी वसीम कुरैशी के रूप में हुई।

 

सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक वसीम मंगलवार से घर से लापता थे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था। बुधवार को जलाशय में शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

 

परिजनों ने बताया कि वसीम खटीमा ब्लॉक कार्यालय में उर्दू अनुवादक के पद पर कार्यरत थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल संजय पाठक ने बताया कि फिलहाल मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। पुलिस लापता होने से लेकर शव मिलने तक के घटनाक्रम की भी पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *