चाय में नशीला पदार्थ पिलाकर नेपाल जा रहे युवक से 50 हजार लूटे, जालंधर से महेंद्रनगर लौट रहा था युवक, बस में सहयात्री बनकर बैठे थे आरोपी; बेसुध हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार

Share the news

जालंधर से नेपाल लौट रहे एक युवक को जहरखुरानी गिरोह ने चलती बस में अपना शिकार बना लिया। सहयात्री बनकर बैठे आरोपियों ने युवक को बातचीत में उलझाने के बाद चाय और बिस्किट में नशीला पदार्थ मिलाकर खिला-पिला दिया। कुछ देर बाद युवक बेसुध हो गया। आरोपियों ने उसकी जेब से करीब 40 से 50 हजार रुपये की नकदी निकाल ली और उसे रुद्रपुर क्षेत्र में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। राहगीर की सूचना पर पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

 

जानकारी के अनुसार, नेपाल के महेंद्रनगर निवासी जीवन पंजाब के जालंधर में काम करता है। वह बस से अपने घर लौट रहा था। सफर के दौरान कुछ लोगों ने उससे दोस्ती की और चाय-बिस्किट की पेशकश की। चाय पीने के कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने उसकी जेब से नकदी निकाल ली।

 

बस चालक और परिचालक ने बेसुध जीवन को रुद्रपुर क्षेत्र में सड़क किनारे उतार दिया। वहां से गुजर रहे प्रदीप कुमार की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से उसे ई-रिक्शा से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

 

हैरानी की बात यह रही कि बदमाशों ने जीवन के पास रखे महंगे आईफोन, एक अन्य स्मार्टफोन और तीन बैग को हाथ तक नहीं लगाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ पेट की सफाई की। चिकित्सक डॉ. इमरान के अनुसार, युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। प्रथमदृष्टया चाय में नशीला या जहरीला पदार्थ दिए जाने की आशंका है।

 

मामले में पुलिस घटनाक्रम और बस में सवार संदिग्ध यात्रियों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *