मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं में होगा सुधार, महापौर ने किया निरीक्षण
महापौर विकास शर्मा ने अधिकारियों के साथ की बैठक, इमरजेंसी, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और ऑपरेशन सुविधाएं मजबूत करने पर जोर
रुद्रपुर। पंडित राम सुमेर शुक्ल स्मृति मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए महापौर विकास शर्मा ने गुरुवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों का जायजा लेने के साथ मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद कॉलेज प्रबंधन और चिकित्साधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर चर्चा की।
बैठक में मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सीपी भैसोड़ा, डॉ. राजीव, डॉ. शाही, डॉ. अजय शर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं, उपलब्ध संसाधनों और चिकित्सा सेवाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय स्थित अस्पताल पर जिलेभर के लोगों की बड़ी उम्मीदें हैं। विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों से गंभीर मरीज बेहतर उपचार के लिए यहां रेफर किए जाते हैं। ऐसे में मेडिकल कॉलेज में मूलभूत चिकित्सा सुविधाओं की कमी नहीं होनी चाहिए।
महापौर ने कहा कि जिला अस्पताल की व्यवस्थाएं धीरे-धीरे मेडिकल कॉलेज में स्थानांतरित हो रही हैं। वहीं मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा शुरू करने की प्रक्रिया भी चल रही है। ऐसे समय में उपचार की सुविधाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी है, ताकि मरीजों को अनावश्यक रूप से दूसरे शहरों में रेफर न करना पड़े।
उन्होंने गुरुवार को हादसे में घायल युवक को समुचित उपचार नहीं मिल पाने के कारण हुई मौत पर चिंता और खेद जताया। महापौर ने सबसे अधिक जोर इमरजेंसी सेवाओं को दुरुस्त करने पर दिया। इसके अलावा सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और ऑपरेशन जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं को चरणबद्ध तरीके से मजबूत करने के निर्देश दिए।
महापौर ने कहा कि उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाए और अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत होने पर ठोस प्रस्ताव तैयार किए जाएं। नगर निगम और जिला प्रशासन के स्तर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता कर मेडिकल कॉलेज के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण और बैठक में सामने आई कमियों को प्राथमिकता से दूर कराने के प्रयास होंगे। मेडिकल कॉलेज के पूर्ण विकसित होने पर यह पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है। इसके लिए चिकित्सा शिक्षा के साथ उपचार सुविधाओं को भी समान रूप से मजबूत करना जरूरी है।




