NMC के मानकों पर खरा उतरने की कवायद तेज, फर्नीचर समेत अधूरे काम एक सप्ताह में पूरे करने की डेडलाइन
रुद्रपुर।
रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में इसी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू कराने की कवायद अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के मानकों को पूरा करने के लिए मंगलवार को विधायक शिव अरोरा ने मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया। निर्माण और व्यवस्थाओं की धीमी रफ्तार सामने आने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों और ठेकेदार प्रतिनिधि को कड़ी फटकार लगाई। विधायक ने स्पष्ट किया कि अब किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी और तय समय में काम पूरा नहीं होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण, फर्नीचर, इंफ्रास्ट्रक्चर और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। कई काम अपेक्षित गति से नहीं होने पर विधायक ने पेयजल निगम के जीएम नरेंद्र नवानी और ठेकेदार प्रतिनिधि अनुज गोयल से नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज कुमाऊं की बड़ी जरूरत है और इसे लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
एक सप्ताह में फर्नीचर पूरा करने की डेडलाइन
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को मेडिकल कॉलेज में जरूरी फर्नीचर लगाने का काम एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब बहाने नहीं, परिणाम चाहिए। निर्धारित समयसीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी और संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कॉलेज के प्राचार्य सीपी बसेरा को सभी कार्यों की प्रतिदिन निगरानी करने और डे-टू-डे प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। फैकल्टी और अन्य मानव संसाधन की स्थिति को लेकर विधायक ने चिकित्सा शिक्षा निदेशक आशुतोष सियाना से फोन पर वार्ता भी की।
दूसरी बार अटका था NMC आवेदन
बताया गया कि पूर्व में NMC के समक्ष किए गए प्रयास में इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कमियों के कारण आवेदन आगे नहीं बढ़ सका था। अब अंतिम प्रयास से पहले कॉलेज में सभी जरूरी मानक पूरे करने की तैयारी है। विधायक ने कहा कि अगले कुछ दिनों में अधूरे कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा किया जाना चाहिए, ताकि केंद्र के समक्ष आवेदन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री से भी कर चुके हैं मुलाकात
विधायक ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में इसी सत्र से एमबीबीएस शुरू कराने के संबंध में वह हाल ही में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से देहरादून में मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और विभाग का लक्ष्य स्पष्ट है और सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से काम पूरा करना होगा।
विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज केवल भवन नहीं, बल्कि पूरे कुमाऊं की स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण संस्थान है। इसके शुरू होने से ऊधम सिंह नगर समेत आसपास के जिलों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा का लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान डॉ. चंद्र प्रकाश, नरेंद्र नवानी, डॉ. सुमन पांडे, डॉ. राजीव कुमार सिंह, डॉ. सृजन श्रीवास्तव, संदीप राव, मनोज मदान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
