किच्छा-सिरौलीकला निकाय चुनाव की तैयारियां तेज, 69 बूथों पर मतदान कराने को 87 पोलिंग पार्टियां तैयार, 348 मतदानकर्मी संभालेंगे जिम्मेदारी

रुद्रपुर। नगर पालिका परिषद किच्छा एवं नगर पालिका परिषद सिरौलीकला में मतदान और मतगणना की तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचस्थानीय) नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में मतदान और मतगणना कार्मिकों का प्रथम एवं द्वितीय रेंडमाइजेशन किया गया।

किच्छा नगर पालिका क्षेत्र में मतदान के लिए 56 बूथ, जबकि सिरौलीकला में 13 बूथ बनाए गए हैं। दोनों निकायों में मतदान संपन्न कराने के लिए रिजर्व सहित कुल 87 पोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। इनमें 348 मतदान कार्मिकों की तैनाती की गई है। रेंडमाइजेशन के जरिए कार्मिकों को बूथवार जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी, जिससे मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

इसी तरह मतगणना के लिए भी कार्मिकों की तैनाती की गई है। किच्छा में मतगणना के लिए 20 टेबल, जबकि सिरौलीकला में चार टेबल लगाई जाएंगी। दोनों निकायों की मतगणना के लिए कुल 120 मतगणना कार्मिक तैनात किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान कार्मिकों को 15 सितंबर को पंतनगर विश्वविद्यालय के गांधी हॉल में प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, मतगणना कार्मिकों का प्रशिक्षण 16 सितंबर को इसी स्थान पर आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में कार्मिकों को मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया, दायित्वों और निर्वाचन संबंधी जरूरी निर्देशों की जानकारी दी जाएगी।

रेंडमाइजेशन के दौरान अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, जिला विकास अधिकारी एवं नोडल कार्मिक गोपाल गिरी गोस्वामी, मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं सहायक नोडल कार्मिक हरेन्द्र मिश्रा, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी हेमन्त मौर्य और सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय शेखर चंद्र पांडे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।