होटल में मुस्लिम समुदाय के युवक के साथ मिली हिंदू युवती, हंगामे से हड़कंप…युवक पर एफआईआर

रुद्रपुर। आवास विकास स्थित एक होटल में युवक-युवती के मिलने के बाद देर रात हंगामा हो गया। सूचना पर कुछ संगठन से जुड़े लोग होटल पहुंचे और युवक-युवती को कमरे में देखकर विरोध जताया। इस दौरान युवक के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप है। बाद में दोनों को आवास विकास चौकी ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में युवती के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

पुलिस के अनुसार गदरपुर क्षेत्र निवासी मोहम्मद साकिब का रुद्रपुर निवासी युवती से पिछले करीब एक वर्ष से परिचय बताया जा रहा है। गुरुवार शाम दोनों आवास विकास स्थित होटल क्राउन टाउन पहुंचे थे। आरोप है कि होटल में कमरा लेने के लिए युवक ने अपनी बहन की पहचान संबंधी दस्तावेज का इस्तेमाल किया। दोनों के होटल पहुंचने के कुछ समय बाद इसकी जानकारी कुछ लोगों को हुई।

 

देर रात लोग होटल पहुंचे और संबंधित कमरे में युवक-युवती को मौजूद पाया। इसके बाद वहां विरोध शुरू हो गया। हंगामे के दौरान युवक के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद युवक और युवती को आवास विकास चौकी लाया गया।

 

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में युवक ने दोनों के बीच करीब एक वर्ष से परिचय और प्रेम संबंध होने की बात बताई। पुलिस ने युवती के परिजनों को सूचना दी। परिजनों के चौकी पहुंचने के बाद उन्होंने युवक के खिलाफ तहरीर दी।

 

पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि तहरीर में लगाए गए आरोपों, दोनों के बीच संबंधों और होटल में हुई घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। साथ ही होटल में हुए हंगामे और युवक के साथ मारपीट के आरोपों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।