सुसाइड नोट 8वीं की छात्रा फंदे से लटकी, प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की बात आ रही सामने…

Share the news

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के शिवनगर वार्ड नंबर-8 में 17 वर्षीय छात्रा का शव घर की छत पर फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होने की बात कही है।

जानकारी के अनुसार, छात्रा शहर के एक पब्लिक स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। परिवार में माता-पिता और दो भाई हैं। बड़ा भाई ब्लैंकेट फैक्ट्री में काम करता है, जबकि पिता नौकुचियाताल में नौकरी करते हैं और रोजाना काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं।

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार देर शाम छात्रा घर पर थी। इसी दौरान छोटा भाई काम से लौटकर कपड़े बदलने के लिए छत पर गया। जैसे ही उसने छत का दरवाजा खोला तो बहन को फंदे से लटका देख उसके होश उड़ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और छात्रा को नीचे उतारकर आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पिता को दी गई, जो देर रात घर पहुंचे। बुधवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना देने के बाद ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

ट्रांजिट कैंप कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र सिंह सोलंकी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *