दावे-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण का भरोसा
रुद्रपुर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर प्रशासन ने प्रक्रिया तेज कर दी है। सोमवार को जिला सभागार में मंडलायुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक हुई। मंडलायुक्त ने राजनीतिक दलों से पुनरीक्षण कार्य में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्राप्त दावों और आपत्तियों का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाएगा।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी कौस्तुभ मिश्रा ने एसआईआर की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आलेख प्रकाशन के बाद जिले में कुल 11,55,672 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 1,10,536 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है, जबकि 3,36,164 मतदाताओं के विवरण में विसंगति सामने आई है। इसके अलावा 4,46,615 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार जारी नोटिस में से अब तक 2,22,257 की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष नोटिसों पर सुनवाई की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का फोकस पुनरीक्षण के दौरान सामने आ रही विसंगतियों को नियमों के तहत दूर करने और मतदाता सूची को अधिक सटीक बनाने पर है।
मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को प्रक्रिया में पारदर्शिता और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपने स्तर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा, ताकि पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने के साथ गलत या अपूर्ण विवरण को नियमानुसार दुरुस्त किया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया समेत भाजपा, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और बसपा सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।



