हत्या: मॉडलिंग का झांसा देने वाले युवक से जुड़ा था विवाद, सड़क किनारे मिला छात्रा का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Share the news

रामनगर रोड पर 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध मौत से हड़कंप, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

 

काशीपुर। कोतवाली क्षेत्र में रामनगर रोड पर सड़क किनारे 18 वर्षीय स्कूली छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी बारीकी से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। छात्रा की मौत को लेकर परिजनों ने एक युवक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी है।

मृतका की पहचान श्यामपुरम, डिफेंस कॉलोनी, आईटीआई कोतवाली क्षेत्र निवासी कांति पुत्री गुच्ची झा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक कांति ने इसी वर्ष पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। परिवार मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है और करीब 22 वर्षों से काशीपुर में रह रहा है।

 

मॉडलिंग का झांसा देने का आरोप

 

मृतका की मां बिंदुल देवी ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले कांति रम्पुरा निवासी जॉनी नाम के युवक के संपर्क में आई थी। आरोप है कि युवक ने कांति को मॉडलिंग में करियर बनाने का झांसा दिया था। इसके बाद से कांति और परिवार के बीच इस मामले को लेकर लगातार तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। परिजनों के अनुसार पांच जुलाई को कांति के जन्मदिन पर भी इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ था।

 

छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के बाद परिजनों के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस अब छात्रा के मोबाइल फोन, संपर्क में रहे लोगों और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की भी जांच कर सकती है।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

 

कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *