पुलिस चौकी सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्रांतर्गत निवासरत पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कई युवकों व एक युवती पर उसकी 15 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने, नशीला पदार्थ पिलाने, उसका यौन शोषण करने व अश्लील वीडियो बनाकर प्रसारित करने के बाद रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। तहरीर के अनुसार उसकी बेटी बाजपुर क्षेत्र के एक विद्यालय में कक्षा 10वीं की छात्रा है। आरोप है कि जून माह में पड़ोस में रहने वाली एक युवती ने उसे घूमने के बहाने घर से बुलाया। इसके बाद युवती और उसके साथ मौजूद एक युवक उसे सरकड़ा रेलवे स्टेशन के पास एक घर में ले गए, जहां कुछ अन्य युवक भी मौजूद थे। पीड़िता का आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया और इसके बाद आरोपितों ने उसके साथ गलत काम किया व उसकी अश्लील वीडियो बना ली। बाद में वीडियो प्रसारित करने और जान से मारने की धमकी देकर उसे घटना के बारे में किसी को बताने से रोक दिया गया। पीड़िता के अनुसार अगस्त में पड़ोसी युवती ने फोन कर उसे घर से बाहर बुलाया और नहीं आने पर वीडियो प्रसारित करने की धमकी दी। इसके बाद उसे कार से एक होटल ले जाया गया, जहां धमकी देकर उसका यौन शोषण किया गया। पीड़िता के अनुसार इसके बाद आरोपितों ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से संपर्क कर उसे मिलने के लिए दबाव बनाया। उसके मना करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई और रुपये की मांग की गई। आरोप है कि रुपये देने से इन्कार करने पर 21 अगस्त को उसकी अश्लील वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दी। वीडियो की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता की मां ने उससे पूछताछ की तो उसने पूरी घटना की जानकारी दी। पीड़िता की मां ने पुलिस से सभी आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में पुलिस कुछ युवकों से पूछताछ कर रही है।
15 साल की बच्ची को नशीला पदार्थ पिलाकर गैंगरेप, एक युवती पर भी घटना में शामिल होने का आरोप..जानिए पूरा मामला
