रुद्रपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बुधवार को उत्तराखंड पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पंतनगर एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राष्ट्रीय अध्यक्ष की अगवानी की। इसके बाद उन्होंने नितिन नवीन को अंगवस्त्र पहनाया और बाबा नीम करोली महाराज का चित्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।
एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री धामी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जिले के जनप्रतिनिधियों से मुलाकात भी की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच प्रदेश और संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर संक्षिप्त चर्चा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भी उत्साह नजर आया। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष हल्द्वानी के लिए रवाना हो गए।
नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उत्तराखंड आगमन को संगठन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके दौरे के दौरान पार्टी संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय को लेकर भी गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है।
पंतनगर एयरपोर्ट पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी समेत अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के दौरान एयरपोर्ट परिसर में भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री के साथ उनकी मुलाकात के बाद दोनों नेता हल्द्वानी के लिए रवाना हुए।
