जुड़वां बहनों में से एक बच्ची के गायब होने से मचा हड़कंप, डेयरी संचालक की सजगता से कुछ ही देर में सकुशल बरामद
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े 11 माह की जुड़वां बच्चियों में से एक को नशे का आदी युवक कथित तौर पर गोद में उठाकर फरार हो गया। बच्ची के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने तलाश शुरू की। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची की तलाश की गई। कुछ ही देर बाद बच्ची सुभाषनगर की गली नंबर ए-10 में संदिग्ध युवक के कब्जे से सकुशल बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ईदगाह रोड पर दीक्षा राइजिंग स्कूल के सामने बच्चियां घर के बाहर अपनी दादी के साथ खेल रही थीं। दादी किसी सामान को रखने के लिए कुछ देर के लिए घर के अंदर गईं। इसी दौरान पास में बैठा आरोपी मौका पाकर एक बच्ची को गोद में उठाकर वहां से चला गया।
दादी जब वापस लौटीं तो एक बच्ची को गायब देखकर उनके होश उड़ गए। शोर मचने पर आसपास के लोग भी एकत्र हो गए। पुलिस को सूचना दी गई तो ज्वालापुर पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू कर दी। स्थानीय युवाओं की टीम भी बच्ची को खोजने में जुट गई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध लोगों से पूछताछ की।
इसी दौरान सुभाषनगर में एक डेयरी संचालक ने संदिग्ध युवक की गोद में बच्ची को देखा। शक होने पर उसने युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसके बच्ची को उठाकर लाने की बात सामने आई, जिसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने बच्ची को सकुशल परिजनों को सौंप दिया।
इंस्पेक्टर चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि आरोपी नशे का आदी है। दादी के घर के अंदर जाते ही वह बच्ची को गोद में उठाकर चला गया था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया है।
