रुद्रपुर। जिले में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। कालीनगर में सामने से आ रही कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जबकि सिडकुल चौक पर ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार की जान चली गई। दोनों हादसों में जान गंवाने वाले अधेड़ उम्र के थे और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हादसों की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

कार की टक्कर से बाइक सवार की मौत
जगतपुरा निवासी संतोष राय (45) महिंद्रा कोटक बैंक, आवास विकास में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, वह शुक्रवार रात करीब आठ बजे किसी काम से कालीनगर गए थे। चंडीपुर कालीनगर के सामने उनकी बाइक की सामने से आ रही कार से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संतोष राय के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे पुष्कर, ट्रक ने मारी टक्कर
दूसरा हादसा सिडकुल चौक स्थित टाटा इंपेरियल के पास रात करीब साढ़े 11 बजे हुआ। मूल रूप से पौड़ी निवासी पुष्कर सिंह (45) पिछले करीब 10 वर्षों से रुद्रपुर में रहकर काम कर रहे थे। वर्तमान में वह दिनेशपुर के जयनगर स्थित जागेश्वर विहार, वार्ड दो में परिवार के साथ रहते थे और सिडकुल की एक कंपनी में नौकरी करते थे। बताया गया कि छुट्टी के बाद वह स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुष्कर सिंह की मौत से पत्नी और दो बेटियों के सिर से सहारा छिन गया। उनकी बेटियों की उम्र 16 से 20 वर्ष के बीच बताई गई है।
दोनों हादसों ने सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से होने वाले हादसों के खतरे को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
