संघर्ष की राह से शिखर तक: टैक्सी चालक की बेटी वंशिका ने 97% के साथ रचा सफलता का स्वर्णिम इतिहास

Share the news

उत्तराखंड बोर्ड इंटरमीडिएट परिणाम: हरिद्वार की वंशिका ने 97% के साथ प्रदेश में तीसरा स्थान पाया

हरिद्वार/देहरादून। उत्तराखंड बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणाम घोषित होते ही प्रदेशभर में मेधावी छात्रों की सफलता की चर्चा शुरू हो गई है। हरिद्वार की वंशिका ने 97 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में तीसरा स्थान और जिले में पहला स्थान प्राप्त कर अपने परिवार व विद्यालय का नाम रोशन किया है।

वंशिका हरिद्वार के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर की छात्रा हैं। साधारण परिवार से आने वाली वंशिका के पिता टैक्सी चालक हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद वंशिका ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस सफलता पर स्कूल में जश्न का माहौल है, जहां शिक्षक, सहपाठी और परिजन उन्हें बधाई देने पहुंच रहे हैं।

वंशिका ने बताया कि उन्होंने बिना किसी कोचिंग या ट्यूशन के केवल स्कूल की पढ़ाई और घर पर नियमित अभ्यास के दम पर यह सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास था कि वह टॉप-10 में स्थान बनाएंगी, लेकिन टॉप-3 में जगह बनाना उनके लिए खास उपलब्धि है। वंशिका ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया।

भविष्य की योजनाओं पर बात करते हुए वंशिका ने बताया कि वह आगे चलकर गणित की प्रोफेसर बनना चाहती हैं और शिक्षण क्षेत्र में ही अपना करियर बनाना चाहती हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय पाल ने वंशिका की उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह उसकी मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि बदले हुए परीक्षा पैटर्न के अनुरूप छात्रों को तैयार किया गया, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया है।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में बागेश्वर की गीतिका पंत और ऊधम सिंह नगर की सुशीला मेहंदी रत्ता ने 98 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि ऋषिकेश के आर्यन ने 97.2 प्रतिशत के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *