राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-2026) आगामी 3 मई, रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए ऊधम सिंह नगर जनपद में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय ने जिला सभागार में केंद्र व्यवस्थापकों और समन्वयकों की बैठक लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों में प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर (नया व पुराना भवन), पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय काशीपुर, आईआईएम काशीपुर, पीएमश्री अटल उत्कृष्ट एएनझा राजकीय इंटर कॉलेज रुद्रपुर तथा पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय रुद्रपुर शामिल हैं।
अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में प्रश्नपत्र रखे और खोले जाएं। साथ ही जैमर की कार्यशीलता भी पहले से जांच ली जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, घड़ी या किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। परीक्षार्थियों को जूते पहनकर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का निरीक्षण कर बिजली, पानी, सुरक्षा, एम्बुलेंस सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। परीक्षा के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी सहित प्रशासन, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।



