ऊधम सिंह नगर जनपद के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय उधम सिंह नगर द्वारा 10 से 12 जून तक तीन दिवसीय प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर आयोजित इस भर्ती अभियान में विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा कुल 1020 पदों पर चयन किया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गपाल ने बताया कि पहली प्लेसमेंट ड्राइव 10 जून को खटीमा स्थित खंड विकास कार्यालय सभागार तथा दूसरी 11 जून को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, आजादनगर सितारगंज में आयोजित होगी। दोनों स्थानों पर Quess Corp-TATA Motors Ltd., पंतनगर द्वारा NAPS ट्रेनी पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इसके लिए इंटरमीडिएट, स्नातक अथवा आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित युवाओं को 11,952 से 13,952 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड के साथ 2,000 रुपये इंसेंटिव भी दिया जाएगा। कंपनी द्वारा कुल 1000 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इसके अलावा 12 जून को जिला सेवायोजन कार्यालय, रुद्रपुर में तीसरी प्लेसमेंट ड्राइव आयोजित होगी। इसमें Craftsmen Sector-6, पंतनगर द्वारा कारपेंटर, पेंटर, असेम्बलर और हेल्पर पदों के लिए भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए न्यूनतम आठवीं पास एवं संबंधित कार्य का अनुभव आवश्यक होगा। चयनित अभ्यर्थियों को न्यूनतम 13,110 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से अपील की है कि वे अपने शैक्षिक एवं तकनीकी प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां, पासपोर्ट साइज फोटो और बायोडाटा के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर रोजगार के अवसर का लाभ उठाएं।



