शादी के चार माह बाद बुझ गया घर का चिराग: तीन दिन से लापता सिडकुल कर्मी का शव पेड़ से लटका मिला, बैगुल नदी किनारे सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

Share the news

तीन दिन से लापता सिडकुल कर्मी का शव पेड़ से लटका मिला, परिवार में मचा कोहराम

रुद्रपुर। तीन दिन से लापता एक सिडकुल कर्मी का शव बैगुल नदी किनारे पेड़ से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार ग्राम निर्मलनगर निवासी 26 वर्षीय हर्षित साना पुत्र हरेंद्र साना गुरुवार से लापता था। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शनिवार को मवेशी चराने गए एक ग्रामीण ने सिडकुल फेस-2 क्षेत्र में बैगुल नदी के किनारे एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। इसके बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर उसकी पहचान हर्षित साना के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया है कि हर्षित का विवाह करीब चार माह पूर्व ही हुआ था। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और सिडकुल की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। उसके पिता गांव में दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है।

शक्तिफार्म चौकी प्रभारी जगदीश तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *