15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाली शिकायत से मचा हड़कंप, फिजिक्स शिक्षक पर गलत तरीके से छूने का आरोप, डायरेक्टर पर छात्रा को डराने और शिकायत दबाने के दबाव का दावा

15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाला आवेदन देने पहुंची छात्रा ने लगाया दबाव बनाने का आरोप, हंगामे की सूचना पर स्कूल पहुंची पुलिस

देहरादून। राजधानी के एक निजी स्कूल में फिजिक्स शिक्षक पर छात्राओं को अनुचित तरीके से छूने के आरोपों के बाद विवाद खड़ा हो गया। एक छात्रा और उसकी मां ने स्कूल प्रबंधन से लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी। अब छात्रा ने आरोप लगाया है कि शिकायत के बाद स्कूल के डायरेक्टर ने उसे कथित तौर पर डराया और शिक्षक के व्यवहार को दोहराकर दिखाने के लिए कहा। मामला उस समय और बढ़ गया, जब छात्रा अपनी मां के साथ शिकायत की रिसीविंग लेने स्कूल पहुंची। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की।

छात्रा के मुताबिक, फिजिक्स शिक्षक लंबे समय से कक्षा की अन्य छात्राओं को भी गलत तरीके से छूते थे। उसने इस संबंध में खुद एक लिखित आवेदन तैयार किया था, जिस पर 15 छात्राओं के हस्ताक्षर होने का दावा किया गया है। छात्रा ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद 15 अक्तूबर को उसकी मां स्कूल पहुंचीं और प्रिंसिपल से शिकायत की। छात्रा और उसकी मां का कहना है कि उस समय प्रबंधन ने आरोपी शिक्षक को हटाने और छात्रा की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भरोसा दिया था। छात्रा के अनुसार, वह शिकायत वाले आवेदन की रिसीविंग लेने स्कूल पहुंची थी, लेकिन उसे बाहर ही रोक दिया गया। उसने आरोप लगाया कि स्कूल के गेट पर ताला लगा दिया गया और बाद में पुलिस को बुला लिया गया। वहीं, उसकी मां का कहना है कि घटना के बाद से बेटी डरी हुई है और स्कूल जाने में भी घबरा रही है।

स्कूल पहुंची पुलिस, प्रबंधन से भी होगी पूछताछ

मामले में परिजनों ने शिकायत की रिसीविंग और 15 छात्राओं के हस्ताक्षर वाले आवेदन की प्रमाणित प्रति देने की मांग की है। साथ ही उन्होंने डायरेक्टर से सार्वजनिक माफी मांगने और छात्राओं को बिना डर शिकायत करने का भरोसा दिलाने की मांग उठाई है।

कोतवाली डालनवाला प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि स्कूल में हंगामे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम पहुंची थी। फिलहाल स्कूल प्रबंधन और परिजनों से बातचीत की जा रही है। बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने कहा कि मामला पुलिस के संज्ञान में है। स्कूल में टीम भेजकर जांच कराई जा रही है और प्रबंधन के बयान भी लिए जाएंगे। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल शिक्षक और स्कूल प्रबंधन पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में पुलिस जांच के निष्कर्ष सामने आने बाकी हैं।