दहेज की मांग ने ली नवविवाहिता की जान? तीन माह बाद मायके में संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ खाने की आशंका, परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगाए गंभीर उत्पीड़न के आरोप

Share the news

तीन माह पहले हुई थी शादी, नवविवाहिता की संदिग्ध मौत से मचा हड़कंप
दहेज उत्पीड़न का आरोप, मायके में बिगड़ी हालत के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
संवाददाता, रुद्रपुर।
ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित वसुंधरा गुरुबक्स कॉलोनी में अपने भाई के घर रह रही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए उत्पीड़न और मारपीट करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार मूल रूप से फतेहगंज पश्चिम, बरेली निवासी 24 वर्षीय काजल शर्मा का विवाह 18 फरवरी 2026 को किच्छा के पंजाबी मोहल्ला निवासी अजय शर्मा से हुआ था। परिजनों का आरोप है कि विवाह से पहले ही ससुराल पक्ष द्वारा 15 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। विवाह के बाद भी मांग पूरी न होने पर काजल को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
बताया गया है कि कुछ दिन पूर्व काजल की सास उसे उसके भाई पवन शर्मा के घर वसुंधरा कॉलोनी छोड़ गई थी। यहां उसने अपने भाई को ससुराल में हो रहे कथित उत्पीड़न की जानकारी दी थी। परिजनों के मुताबिक वह लगातार मानसिक तनाव में रह रही थी।
रविवार रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि काजल पिछले 15 दिनों से मायके में रह रही थी। रविवार शाम उसका अपने पति से फोन पर विवाद हुआ था, जिसके बाद उसके द्वारा किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने की आशंका है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
चूंकि विवाह को सात वर्ष पूरे नहीं हुए थे, इसलिए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका के भाई पवन शर्मा ने आरोप लगाया कि बहन की मौत के बाद ससुराल पक्ष का एक रिश्तेदार उन्हें कार्रवाई न करने की धमकी देता रहा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *