रुद्रपुर। सितारगंज हाईवे पर शुक्रवार रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। भांजे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मामा की जिला अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई। हादसा मंडी परिसर स्थित बिगवाड़ा चौकी के बाहर हुआ। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर डंपर और उसके चालक की पहचान में जुटी है।
ग्राम सहजनी, रुद्रपुर निवासी रोहित चौहान (22) पुत्र राधेश्याम चौहान शुक्रवार रात अपने मामा अक्षय लाल चौहान (46) पुत्र हंसनाथ चौहान निवासी ग्राम जुआफर, जिला देवरिया (उत्तर प्रदेश) को रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे थे। अक्षय लाल पांच अक्तूबर को रुद्रपुर आए थे। शुक्रवार रात उन्हें बाघ एक्सप्रेस से अपने घर लौटना था। इसी दौरान रात करीब दस बजे बिगवाड़ा चौकी के बाहर तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अक्षय लाल की सांसें चल रही थीं। उन्हें आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
दोनों की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रोहित के पिता राधेश्याम चौहान के मुताबिक, उनका बेटा सिडकुल स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था। वह चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं। हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं।
सूचना पर रुद्रपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। सीओ सिटी विभव सैनी के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर डंपर को चिह्नित कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों की तहरीर और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
