किच्छा में दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में फायरिंग, स्कॉर्पियो पर पांच राउंड गोलियां बरसाईं ब्रेजा सवार युवकों ने फावड़े से तोड़ी हेडलाइट, चालक को गोली मारने की कोशिश; सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

किच्छा। आवास विकास क्षेत्र में शनिवार दोपहर पुरानी रंजिश में खूनी संघर्ष होते-होते बचा। सेंट पीटर स्कूल वाली गली में स्कॉर्पियो और ब्रेजा कार की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते फायरिंग तक पहुंच गया। ब्रेजा सवार चार-पांच युवकों ने स्कॉर्पियो को घेरकर हमला कर दिया। पहले फावड़े से स्कॉर्पियो की हेडलाइट तोड़ी, फिर कार का शीशा नीचे होने पर एक युवक ने अंदर हाथ डालकर चालक को गोली मारने की कोशिश की। हमलावरों से घिरे चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार दौड़ा दी और किसी तरह जान बचाकर वहां से निकलने लगा। इस पर हमलावरों ने पीछे से ताबड़तोड़ पांच राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां स्कॉर्पियो की बॉडी को भेदकर निकल गईं, लेकिन चालक बाल-बाल बच गया।

दिनदहाड़े हुई फायरिंग से इलाके में अफरातफरी मच गई। प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो और ब्रेजा कार की टक्कर के बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। इसके बाद ब्रेजा सवार युवकों ने स्कॉर्पियो को घेर लिया और चालक के साथ मारपीट की कोशिश की। इसी दौरान एक युवक ने कार के भीतर हाथ डालकर चालक पर गोली चलाने का प्रयास किया। जान का खतरा देख चालक ने तत्काल वाहन आगे बढ़ा दिया। स्कॉर्पियो के भागते ही आरोपियों ने पीछे से गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है। पूर्व में भी उनके बीच तनातनी और फायरिंग की चर्चाएं सामने आई हैं। ऐसे में शनिवार की वारदात को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू की। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे आरोपियों के लिए ऊधम सिंह नगर में कोई जगह नहीं है।