बिगवाड़ा में पूर्व कर्नल के परिवार को घेरकर लूटपाट, तमंचा लहराकर दी गोली मारने की धमकी, चार-पांच बाइक-स्कूटी से पीछा कर कार पर बोला हमला, बेटे की सोने की चेन लूटी, महिलाओं से भी छीना-झपटी, वारदात सीसीटीवी में कैद

रुद्रपुर। बिगवाड़ा गेट पर रास्ता पूछने के बहाने कार रुकवाई और फिर पूर्व कर्नल के परिवार को घेरकर हमला बोल दिया। चार-पांच बाइक और स्कूटी सवार हमलावरों ने तमंचा लहराते हुए गोली मारने की धमकी दी। बेटे के गले से सोने की चेन लूट ली और कार में बैठी महिलाओं से भी छीना-झपटी की। हमलावरों ने कार के पांच शीशे तोड़ दिए। परिवार ने किसी तरह भागकर जान बचाई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

पंजाब निवासी रिटायर्ड कर्नल साधू सिंह बाजवा के मुताबिक, 25 नवंबर की रात उनका बेटा सुखमन सिंह पत्नी, मां, बहन और मौसी के साथ केशवगढ़, गदरपुर में विवाह समारोह से लौट रहा था। रात करीब 11:25 बजे बिगवाड़ा गेट पर कुछ लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने कार रुकवाई। शक होने पर बेटा वहां से निकलने लगा तो आरोपियों ने पीछा कर प्रबल ग्रीन के पास घेर लिया और वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।