काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण का रास्ता साफ, नगर निगम ने दी एनओसी, वर्षों पुरानी जाम की समस्या से मिलेगी राहत, जल्द शुरू होगा कार्य

Share the news

रुद्रपुर। शहर की सबसे महत्वपूर्ण यातायात परियोजनाओं में शामिल काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण को आखिरकार हरी झंडी मिल गई है। नगर निगम रुद्रपुर ने चौड़ीकरण के लिए अधिग्रहित भूमि को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को हस्तांतरित करने हेतु अपनी अनापत्ति (एनओसी) प्रदान कर दी है। इसके साथ ही लंबे समय से अटकी इस परियोजना के धरातल पर उतरने का रास्ता साफ हो गया है।

 

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि काशीपुर बाईपास मार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव के कारण इस मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों, व्यापारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी समस्या के समाधान के लिए सड़क चौड़ीकरण की योजना तैयार की गई थी।

 

चौड़ीकरण की जद में नगर निगम की कुछ दुकानें आने के कारण प्रभावित व्यापारियों में चिंता थी। व्यापारियों ने अपनी दुकानों को बचाने और राहत देने की मांग उठाई थी। इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री स्तर तक मामला पहुंचाया गया। इसके बाद सड़क की प्रस्तावित चौड़ाई में आंशिक संशोधन किया गया, जिससे कई व्यापारियों को राहत मिली।

 

महापौर ने बताया कि परियोजना से जुड़ी कुछ तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं लंबित थीं। लोक निर्माण विभाग द्वारा भूमि हस्तांतरण के लिए नगर निगम से सहमति मांगी गई थी, जिस पर निगम ने सकारात्मक निर्णय लेते हुए एनओसी जारी कर दी है।

 

उन्होंने कहा कि काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण रुद्रपुर के सुनियोजित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। परियोजना पूरी होने के बाद यातायात व्यवस्था सुगम होगी, जाम की समस्या में कमी आएगी और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। नगर निगम शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *