ऊधमसिंह नगर जनपद के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान मीनू पाल पुत्री महिपाल निवासी भरीगवाँ, थाना शेरामऊ दक्षिण, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। युवती रुद्रपुर के शिमला बहादुर क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर सिडकुल स्थित एक कंपनी में काम करती थी।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब 9:49 बजे डीसीआर व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि जिला अस्पताल में अज्ञात जहरीले पदार्थ के सेवन का मामला आया है। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया कि सुबह करीब 8 बजे डीडी चौक रुद्रपुर के पास एक युवती सड़क किनारे बेसुध अवस्था में मिली थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर उसे उपचार के लिए जवाहर लाल नेहरू जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम और महिला उपनिरीक्षक पूनम रावत के साथ जिला अस्पताल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पूछताछ में मृतका की सहेली भावना तिवारी ने बताया कि मीनू पाल उसके साथ शिमला बहादुर में किराए के मकान में रहती थी। बुधवार सुबह वह खाना बनाकर ड्यूटी जाने की बात कहकर कमरे से निकली थी, लेकिन कुछ देर बाद उसके बेसुध मिलने की सूचना मिली।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल पर मृतका के जीजा के मित्र अरुण कुमार मौजूद थे, जिनके माध्यम से शाहजहांपुर में रह रहे परिजनों को सूचना दे दी गई है। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।




