जनपद ऊधमसिंह नगर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाकुरनगर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। संजय नगर खेड़ा निवासी 22 वर्षीय युवक राकेश अधिकारी ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी गई तहरीर में मृतक के जीजा हरिशंकर ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9 बजे राकेश खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। देर रात लगभग 11:30 बजे उसके कमरे से मोबाइल पर तेज आवाज में गाने बज रहे थे। परिजनों ने कई बार दरवाजा खटखटाकर आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर पिता ने कमरे का दरवाजा तोड़ा।
दरवाजा खुलते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। राकेश कमरे में छत के पंखे के हुक से अपनी मां की साड़ी का फंदा बनाकर लटका हुआ था। परिवार के लोग तत्काल उसे नीचे उतारकर सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रांजिट कैंप थाने के रात्रि अधिकारी उपनिरीक्षक संतोष रोडियाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है और युवक द्वारा यह कदम उठाने के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
पुलिस के अनुसार पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर ली गई है तथा मामले की जांच जारी है। फिलहाल क्षेत्र में कानून व्यवस्था सामान्य बनी हुई है।



