कागजी पुलिसिंग नहीं, जमीन पर दिखेगा पुलिस का पहरा, सीसीटीवी की 24 घंटे निगरानी से लेकर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी तक पर जोर, लापरवाही बरतने वालों को दिए सख्त निर्देश

रुद्रपुर। जिले में लगातार प्रभावी पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण की चुनौतियों के बीच एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने देर रात साढ़े 12 बजे पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कार्यप्रणाली की प्राथमिकताएं तय कीं। पुलिस लाइन में आयोजित बैठक में उन्होंने सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराने और उनकी 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस की भौतिक मौजूदगी बढ़ाने और नियमित पुलिस प्रेजेंस दर्ज करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। उन्होंने संवेदनशील मामलों में तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने और पीड़ितों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। महिला एवं बाल अपराधों के साथ गुमशुदगी और बरामदगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों को निर्धारित वर्दी में रहने और अनुशासन बनाए रखने की हिदायत देते हुए अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर कानून व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया।