बिजली कटौती से बाजार में आफत, व्यापारियों ने एक्सईएन को घेरा, शादी के सीजन में बुटीक और ब्यूटी पार्लर संचालिकाएं परेशान

रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार में लगातार हो रही बिजली कटौती से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित होने लगी हैं। रोजाना घंटों बिजली गुल रहने से परेशान व्यापारियों ने व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता केके पंत का घेराव किया। व्यापारियों ने कटौती पर नाराजगी जताते हुए बाजार की आपूर्ति सुचारु रखने की मांग की।

 

घेराव के दौरान महिला व्यापारियों ने बताया कि इन दिनों शादी-विवाह का सीजन चल रहा है। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक बिजली कटौती होने से बुटीक और ब्यूटी पार्लर का काम प्रभावित हो रहा है। बुटीक संचालिकाएं ग्राहकों के कपड़ों की सिलाई समय पर पूरी नहीं कर पा रही हैं। वहीं, ब्यूटी पार्लर में भी बिजली आधारित उपकरणों का इस्तेमाल नहीं हो पाने से कामकाज प्रभावित हो रहा है। इससे कारोबारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

 

व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि काशीपुर बाईपास पर विद्युत पोलों की शिफ्टिंग और पेड़ों की कटाई के चलते मुख्य बाजार की बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। इसका असर दुकानदारों के साथ ग्राहकों पर भी पड़ रहा है।

 

इस पर अधिशासी अभियंता केके पंत ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि बाजार की बिजली एक साथ बंद करने के बजाय अलग-अलग पॉकेट में बांटकर चरणबद्ध तरीके से कटौती की जाएगी। इससे पूरे बाजार की आपूर्ति एक साथ बाधित नहीं होगी।

 

इस दौरान पवनदीप कौर, कुलदीप कौर, प्रीत कौर, पार्षद सौरभ राज बेहड़, विक्की सम्राट, पारस हसीजा समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।