बोर नदी के जंगल में वन विभाग और तस्करों के बीच मुठभेड़, 70-80 राउंड फायरिंग, वन कर्मियों पर 40-45 राउंड गोलियां बरसाईं, जवाबी कार्रवाई में 30-35 राउंड फायरिंग; सागौन से लदी तीन बाइक छोड़कर भागे तस्कर

बाजपुर। बरहैनी रेंज के बोर नदी के समीप शुक्रवार देर रात जंगल में वन तस्करों और वन विभाग की एसओजी टीम के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। तस्करों ने वन कर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में वन विभाग की टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए गोलियां चलाईं। दोनों ओर से करीब 70 से 80 राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी के बीच वन दरोगा धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बच गए। खुद को घिरता देख तस्कर सागौन की लकड़ी के गिल्टों से लदी तीन बाइक मौके पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए जंगल में फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर रात वन विभाग एसओजी प्रभारी कैलाश चंद्र तिवारी के नेतृत्व में टीम बरहैनी रेंज के जंगल में गश्त कर रही थी। इसी दौरान बोर नदी के पास टीम का सामना लकड़ी तस्करों से हो गया। वन कर्मियों को देखते ही तस्करों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि तस्करों की ओर से करीब 40 से 45 राउंड गोलियां चलाई गईं। अचानक हुई फायरिंग से वन कर्मियों में अफरातफरी मच गई। टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और करीब 30 से 35 राउंड फायरिंग की। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी के दौरान वन दरोगा धन सिंह अधिकारी गोली की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। गनीमत रही कि मुठभेड़ में किसी भी वनकर्मी को चोट नहीं आई। वन विभाग की जवाबी कार्रवाई से घबराए तस्कर सागौन के गिल्टों से लदी तीन बाइक छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले।

घटना की सूचना पर वन विभाग के उच्चाधिकारी रक्षक दल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने तीनों बाइकों को कब्जे में लेकर उन पर लदी सागौन की लकड़ी बरामद की। फरार तस्करों की तलाश में जंगल में अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल वन विभाग की टीम आरोपियों की पहचान और उनकी धरपकड़ में जुटी है।