किच्छा। संवाददाता
करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित कम्युनिटी हॉल का लेआउट तैयार नहीं होने और निर्माण कार्य शुरू न किए जाने के विरोध में विधायक तिलक राज बेहड़ ने गुरुवार को मंडी परिषद मुख्यालय में धरना दिया। विधायक के धरने के बाद विभागीय अधिकारियों ने तत्काल निर्माण स्थल का लेआउट तैयार कराने की प्रक्रिया शुरू कराई, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
विधायक बेहड़ ने कहा कि आठ जुलाई को कम्युनिटी हॉल का भूमि पूजन किया गया था, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। कई बार मंडी परिषद के अधिकारियों और कार्यदायी संस्था से संपर्क करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप था कि निर्माण स्थल का लेआउट तक तैयार नहीं कराया गया, जिससे पूरी परियोजना रुकी रही।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि को विकास कार्य शुरू कराने के लिए धरने पर बैठना पड़े, यह विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। साथ ही क्षेत्र में निर्माणाधीन अस्पताल के कार्यों की धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताते हुए मॉनिटरिंग व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की।
धरने के दौरान मंडी परिषद के अधिकारियों ने निर्माण कार्य में अब किसी प्रकार की देरी नहीं होने का भरोसा दिया। इसके बाद विधायक ने धरना समाप्त कर दिया और कहा कि कम्युनिटी हॉल का निर्माण शीघ्र शुरू होने से क्षेत्रवासियों को बहुप्रतीक्षित सुविधा मिल सकेगी।



