रुद्रपुर। आईपीएस अधिकारी मणिकांत मिश्रा ने बृहस्पतिवार को ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और जनसुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से काम करने की बात कही।
मणिकांत मिश्रा इससे पहले भी ऊधम सिंह नगर में एसएसपी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। जिले में उनकी दोबारा तैनाती के बाद पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारी को लेकर चर्चाएं हैं। उनकी प्राथमिकताओं में अपराध नियंत्रण के साथ पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।
इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन ऊधम सिंह नगर के पदाधिकारियों ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा से मुलाकात कर उनका स्वागत किया। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव फोगाट और कोषाध्यक्ष कुलबीर सिंह ढिल्लों समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस जनसेवा, निष्पक्षता और कर्तव्यनिष्ठा के साथ आमजन की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी पुलिसिंग पर जोर दिया जाएगा।
