उधम सिंह नगर में नहाने गए युवक की गोली मारकर हत्या, चार आरोपी फरार..

उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में होली के बाद एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गुलरभोज डैम में नहाने के दौरान हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

होली का त्योहार खत्म होने के बाद जब लोग अपने घरों में खुशियां मना रहे थे, तब उधम सिंह नगर के बेरिया दौलत गांव में मातम पसर गया। गुरदीप सिंह अपने रिश्तेदारों के साथ नहाने के लिए गुलरभोज डैम गया था, लेकिन वहीं पर कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ा कि शाम होते-होते उसकी हत्या कर दी गई।”

गुरदीप सिंह, अपने मौसेरे भाई जगरूप सिंह और अन्य परिजनों के साथ सैन्ट्रो कार से घर लौट रहा था। तभी डलपुरा से नहर वाली सड़क पर हर्षित बोहरा, गगन, रविंद्र उर्फ बिल्लो और सौरभ बाबा मोटरसाइकिल से पहुंचे। जैसे ही गुरदीप कार से बाहर निकला, हर्षित बोहरा ने सामने से उसके सीने में गोली मार दी।

गोली चलाने के बाद आरोपियों ने जगरूप सिंह पर भी तमंचा तान दिया, लेकिन वह किसी तरह बचकर निकल गया। गुरदीप को गंभीर हालत में पहले काशीपुर के वीआर अस्पताल ले जाया गया, फिर रुद्रपुर के चीमा अस्पताल और बाद में बरेली रेफर किया गया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

“होली खुशियों का त्योहार है, लेकिन क्या एक मामूली विवाद इतनी बड़ी घटना का रूप ले सकता है? यह सोचने का वक्त है कि आखिर हमारी युवा पीढ़ी को गुस्से पर काबू पाना कब आएगा?”