पांच छीने मोबाइल बरामद; वारदात में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने दबोची
रुद्रपुर। सड़क पर मोबाइल हाथ में लेकर चलना दो युवकों के लिए कमाई का मौका था। बाइक पर सवार होकर निकलते और मौका मिलते ही राहगीर का मोबाइल झपटकर फरार हो जाते। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने ऐसे ही दो कथित मोबाइल झपटमारों को दबोचकर उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की बाइक भी पुलिस ने कब्जे में ली है।
पुलिस के मुताबिक नौ सितंबर को राजेंद्र निषाद उर्फ मोनू सिडकुल ढाल स्थित परशुराम चौक के पास मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। रविवार को सूचना मिली कि संदिग्ध युवक गंगापुर रोड स्थित पानी वाली मंदिर के आसपास बाइक से घूम रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो दोनों भागने लगे, लेकिन टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। पकड़े गए सागर राजपूत उर्फ खत्री और रामकिशन उर्फ रामू की तलाशी में पांच मोबाइल मिले। इनमें एक मोबाइल राजेंद्र से छीना गया निकला। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

