रुद्रपुर। किच्छा विधानसभा क्षेत्र में बड़ी संख्या में मतदाताओं के खिलाफ डबल वोट के नाम पर दर्ज आपत्तियों को लेकर विधायक तिलकराज बेहड़ ने शुक्रवार को एडीएम कार्यालय पहुंचकर एडीएम कौस्तुभ मिश्रा से मुलाकात की। उन्होंने निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से प्राप्त मतदाता सूचियों और अन्य दस्तावेज अधिकारियों के समक्ष रखकर आपत्तियों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
बेहड़ ने कहा कि केवल नाम और पिता के नाम की समानता के आधार पर किसी मतदाता को डबल वोटर मान लेना उचित नहीं है। हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों में एक जैसे नाम और पिता के नाम वाले अलग-अलग व्यक्ति हो सकते हैं। ऐसे में वोट काटने से पहले संबंधित मतदाता का फोटो, परिवार के सदस्यों के रिकॉर्ड और अन्य विवरणों का मिलान कराया जाना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि आपत्ति दर्ज कराने वाले व्यक्ति से केवल ईपीआईसी नंबर न लिया जाए, बल्कि उसके दावे के समर्थन में ठोस प्रमाण भी लिए जाएं। दूसरे राज्यों के ईपीआईसी नंबर सामने आने पर भी फोटो और अन्य विवरणों का पूर्ण सत्यापन जरूरी है।
विधायक ने कहा कि जिन मतदाताओं के खिलाफ आपत्तियां दर्ज हुई हैं, उनकी सूची राजनीतिक दलों और अधिकृत प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि जांच में सहयोग किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी फर्जी या डबल वोट को बचाना नहीं है। यदि कोई वोट वास्तव में डबल है तो उसे नियमानुसार हटाया जाना चाहिए, लेकिन वास्तविक मतदाता का नाम केवल समान नाम के आधार पर नहीं काटा जाना चाहिए।
बेहड़ ने चेतावनी दी कि बिना फोटो और परिवार के रिकॉर्ड का उचित मिलान किए वास्तविक मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास हुआ तो वह इसके खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे। मुलाकात के बाद उन्होंने बताया कि एडीएम कौस्तुभ मिश्रा ने प्रत्येक आपत्ति की नियमानुसार निष्पक्ष जांच कराने और जरूरत पड़ने पर आपत्तिकर्ता से भी प्रमाण लेने का आश्वासन दिया है।



