बारिश-बिजली का अलर्ट: ऊधम सिंह नगर में 12वीं तक के स्कूल आज बंद

Share the news

तेज बारिश और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए डीएम का आदेश, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद; शिक्षक-कर्मचारी स्कूलों में रहेंगे मौजूद

 

रुद्रपुर। उत्तराखंड में लगातार बिगड़ रहे मौसम और पहाड़ों में हो रही भारी बारिश के बीच ऊधम सिंह नगर प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 20 अगस्त की शाम जारी पूर्वानुमान में प्रदेश के कई हिस्सों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज से अति तेज बारिश की संभावना जताई गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण नदियों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। ऐसे में संभावित खतरे को देखते हुए जिले में 21 अगस्त, शुक्रवार को कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

 

प्रशासन के आदेश के मुताबिक ऊधम सिंह नगर में संचालित सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक अध्ययनरत छात्र-छात्राएं शुक्रवार को स्कूल नहीं जाएंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों के लिए भी अवकाश रहेगा।

 

छुट्टी बच्चों की, ड्यूटी पर रहेंगे शिक्षक

 

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी अपने-अपने विद्यालयों में उपस्थित रहेंगे। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ती और सहायिका भी केंद्र पर मौजूद रहकर आवश्यकतानुसार विभागीय दायित्वों का निर्वहन करेंगी।

 

आदेश तोड़ा तो होगी कार्रवाई

 

प्रशासन ने आदेश को लेकर सख्त रुख अपनाया है। स्पष्ट किया गया है कि आदेश का उल्लंघन आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 51 के तहत माना जाएगा। नियमों की अनदेखी करने वाले संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

 

प्रशासन ने अभिभावकों से भी मौसम की स्थिति को देखते हुए बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अनावश्यक रूप से उन्हें घर से बाहर न भेजने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *