रेल सुविधाओं को लेकर महापौर ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
गरीब रथ व लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की मांग, रुद्रपुर सिटी स्टेशन पर रात आठ बजे तक आरक्षण काउंटर संचालित करने की उठाई आवाज
रुद्रपुर। कुमाऊं के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भेजकर तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं। उन्होंने काठगोदाम-जम्मू तवी गरीब रथ एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन करने, लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस को प्रतिदिन संचालित करने और रुद्रपुर सिटी रेलवे स्टेशन के आरक्षण काउंटर का समय फिर से सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक करने की मांग की है।
महापौर ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र से पंजाब, अमृतसर और जम्मू-कश्मीर के प्रमुख धार्मिक व व्यावसायिक स्थलों के लिए बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। सीमित रेल सेवाओं के कारण यात्रियों को आरक्षण के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने ट्रेन संख्या 12207/12208 काठगोदाम-जम्मू तवी गरीब रथ एक्सप्रेस का संचालन वर्तमान सप्ताह में एक दिन से बढ़ाकर तीन दिन करने की मांग की। महापौर के अनुसार यह ट्रेन जम्मू तवी, लुधियाना, जालंधर, ब्यास और माता वैष्णो देवी जैसे महत्वपूर्ण स्थलों के लिए कुमाऊं की प्रमुख सीधी रेल सेवा है। सप्ताह में केवल एक दिन संचालन होने से यात्रियों को कई बार रामपुर, मुरादाबाद या अन्य स्टेशनों से ट्रेन पकड़नी पड़ती है।
इसी तरह ट्रेन संख्या 15016 लालकुआं-अमृतसर एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाकर सप्ताह के सातों दिन करने की मांग की गई है। महापौर ने सुझाव दिया कि लालकुआं से ट्रेन शाम सात बजे और अमृतसर से रात नौ बजे रवाना की जाए। साथ ही ट्रेन की गति बढ़ाकर यात्रा अवधि कम करने की दिशा में भी कदम उठाए जाएं।
चार बजे के बाद नहीं मिल रहा आरक्षण
महापौर ने रुद्रपुर सिटी स्टेशन के आरक्षण काउंटर के समय में कटौती का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने बताया कि पहले काउंटर सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक संचालित होता था, लेकिन बाद में समय घटाकर शाम पांच बजे और अब चार बजे तक कर दिया गया है। इससे शाम के समय आरक्षण कराने पहुंचने वाले यात्रियों को परेशानी हो रही है।
महापौर ने कहा कि मजदूर वर्ग, वरिष्ठ नागरिक और ऑनलाइन टिकट बुकिंग में सहज नहीं रहने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था विशेष रूप से कठिन है। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित में आरक्षण काउंटर का समय पुनः सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक कराने का अनुरोध किया है।
महापौर ने कहा कि रुद्रपुर तेजी से विकसित हो रहा औद्योगिक और व्यावसायिक केंद्र है। ऐसे में बेहतर रेल कनेक्टिविटी और सुगम आरक्षण सुविधा शहर और पूरे कुमाऊं की महत्वपूर्ण जरूरत है।




