संदिग्ध पदार्थ के सेवन के बाद ठेकेदार की मौत, चार घंटे बाद पुलिस को मिली सूचना, संजय वन से लौटने के बाद बिगड़ी थी हालत, निजी अस्पताल से मेडिसिटी हॉस्पिटल किया गया था रेफर

Share the news

रुद्रपुर। सिडकुल में ठेकेदारी का काम करने वाले 38 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 18 अगस्त की शाम वह संजय वन गया था। वहां संदिग्ध पदार्थ का सेवन करने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। साथ मौजूद लोगों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर बाद में उसे मेडिसिटी हॉस्पिटल यानी पार्क ग्रुप में ले जाया गया। यहां उपचार के दौरान 19 अगस्त सुबह करीब 11 बजे उसकी मौत हो गई।

 

मृतक की पहचान कैलाश चंद्र पुत्र हरिदत्त के रूप में हुई है। वह मूल रूप से डानपरेवा, कोटाबाग, कालाढूंगी, नैनीताल का रहने वाला था और वर्तमान में शांति कॉलोनी, वार्ड नंबर 32, रुद्रपुर में परिवार के साथ रह रहा था। कैलाश सिडकुल क्षेत्र में ठेकेदारी का काम करता था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

 

बताया जा रहा है कि कैलाश की मौत 19 अगस्त सुबह करीब 11 बजे अस्पताल में हुई, जबकि पुलिस को इसकी सूचना शाम करीब 4:30 बजे मिली। सूचना मिलने के बाद बगवाड़ा पुलिस चौकी से एसआई मोहन चंद्र जोशी और ललित मोहन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

 

पुलिस के अनुसार युवक की तबीयत बिगड़ने और मौत के पीछे संदिग्ध पदार्थ के सेवन की बात सामने आ रही है। हालांकि अभी मौत की वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस यह भी जानकारी जुटा रही है कि कैलाश ने संजय वन में किस पदार्थ का सेवन किया था और उस समय उसके साथ कौन-कौन लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *